
बिना सहमति और हस्ताक्षर बैंक ने कर दिया किसान का लोन
शिकायत लेकर बैंक पहुंचे पीड़ित किसान को शाखा प्रबंधक ने दिखाया बाहर का रास्ता
पीड़ित किसान ने थाने में दी लिखित तहरीर

नसीराबाद-रायबरेली।
किसानों के खाते बैंक खुद संचालित कर रहे हैं। उनकी बिना सहमति के बचत खाते से पैसा केसीसी में और फिर केसीसी से बचत खाते में डाल दिया गया। कर्जमाफी ना होने की किसानों की शिकायतों की पड़ताल में बैंकों की ऐसी ही कई खामियां सामने आ रही हैं। ऐसा ही एक मामला बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा बिरनांवा का प्रकाश में आया है। रायपुरटोड़ी निवासी किसान राजबहादुर पुत्र गयाप्रसाद ने शनिवार को नसीराबाद थाने में लिखित तहरीर देते हुए बताया कि बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा बिरनांवा में खातेदार है। किसान का आरोप है कि बैंक कर्मियों ने बगैर उसके हस्ताक्षर और सहमति के उसका 125000 रूपए का लोन कर दिया।पीड़ित के खाते में पैसा आने पर जब उसको जानकारी हुई तो पीड़ित बैंक गया। जहां मैनेजर ने पीड़ित किसान की बात को सुनने और उसका समाधान करने के बजाय पीड़ित को को गेट से बाहर निकलवा दिया। फिलहाल पीड़ित किसान ने थाने में तहरीर देते हुए कार्यवाही की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि तहरीर मिली है जांच कर कार्यवाही की जाएगी।
पवन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
Author: Vikas Srivastava










