
घर में कदम रखने से पहले नवदंपति ने 51 पौधों का किया रोपण
प्रकृति सरंक्षण के संकल्प के साथ दिया संदेश
सोनभद्र।
जनपद के म्योरपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत गड़िया के चिकित्सक दंपति ने शादी के बाद घर में कदम रखने के पूर्व पौध रोपण किया। इसके बाद घर में बहू आने की रस्म अदा की गई।चिकित्सक दूल्हा डा. राज के भाई वरिष्ठ अधिवक्ता सत्यनारायण यादव ने बताया कि वाराणसी में 4 दिसंबर की रात शादी के बाद लंबी दूरी तय कर जब दूल्हा, दुल्हन गांव पहुंचे तो सबसे पहले 51 फलदार आम अमरूद और आंवला के पौधे का रोपण कर उसमे पानी देने के बाद घर में कदम रखा। अधिवक्ता ने बताया कि दूल्हा डॉ राज और दुल्हन डॉ संगीता ने रास्ते में ही तय कर लिया था कि वह शादी के बाद प्रकृति और पर्यावरण सरंक्षण के लिए संकल्पित हैं। हमें आज की पाश्चात्य संस्कृति से हट कर प्रकृति के साथ जीवन जीना है और लोगों को भी इसके लिए आगे आने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आज कटते जंगल और बेतहाशा बढ़ते प्रदूषण के कारण हमारी धरती और हम सब खतरे में हैं। ऐसे में प्रकृति के लिए समर्पित होने की जरूरत है। वन दरोगा विजेंद्र सिंह ने नव दंपति के इस अनोखे और सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा है कि प्रकृति के सरंक्षण के लिए किया गया पहल अन्य नव दंपतियों के लिए उदाहरण बने।

बी एन यादव की रिपोर्ट

Author: Vikas Srivastava











