बेकाबू डीजल टैंकर पलटा,18 घंटे रेस्क्यू के बाद निकला चालक
सोनभद्र।

दुद्धी कोतवाली क्षेत्र झारोखुर्द गांव में बीती रात रेलवे गेट के किनारे गहरी खाई में एक डीजल टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। 18 घंटे रेस्क्यू कर पलटे टैंकर से चालक को निकाला गया।
प्राप्त जानकारी अनुसार शनिवार की रात करीब आठ बजे दुद्धी से आश्रम की ओर जा रहा डीजल टैंकर झारोखुर्द के रेलवे क्राॅसिंग पार करते हुए अनियंत्रित हो गया। रेलवे गेट के बीच से ही बेकाबू हुआ टैंकर रेलवे गेट की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 30 फिट निचे पानी से भरे खाई में जाकर पलट गया। हादसे में चालक वाहन में ही गंभीर तरीके से फंस गया। उक्त घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ लग गई। घटना स्थल पर आए सीओ प्रदीप सिंह चंदेल व कोतवाल मनोज कुमार सिंह मय फोर्स चालक को निकालने में जुटे रहे। चालक राममूरत पुत्र घुरहू यादव निवासी निजामाबाद आजमगढ़ को पुलिस के सहयोग से आये हिंडाल्को क्रेन के सहारे टैंकर को उठाकर कटर से काटकर करीब 18 घंटे के बाद टैंकर से बाहर निकाला गया। टैंकर पलटने की सूचना मिलते ही चालक के परिजन आजमगढ़ से दुद्धी सुबह तड़के करीब पांच बजे घटनास्थल पहुंच गए और उसको सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे रहे। चालक को बाहर निकालते ही कोतवाली पुलिस ने एम्बुलेंस से सीएचसी दुद्धी भेज दिया जहाँ चिकित्सक डॉ शाह आलम अंसारी द्वारा उपचार किया जा रहा है।
बी एन यादव की रिपोर्ट










