Search
Close this search box.

खाता धारकों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिख कर उठाई जांच की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

खाता धारकों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिख कर उठाई जांच की मांग

मात्र तीन खाता धारकों का निकल सका स्टेटमेंट

डेढ़ दर्जन ग्रामीणों का खुलवाया था खाता

 

बी एन यादव 

सोनभद्र।

कोतवाली दुद्धी के ग्राम पंचायत करम डॉड में लगभग 19 भोले भाले ग्रामीणों को एक हजार रुपए का लालच देकर रेणुकूट बैंक में खाता खुलवाने और उन खातों में लाखों रूपये आने तथा निकालने के मामले में शनिवार को पीड़ित ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान मंजू देवी, कोतवाली दुद्धी, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के साथ साथ मुख्यमंत्री को पत्र भेज कर प्रकरण की जांच की मांग करते हुए कहा कि हम ग्रामीण जब बैंक गए तो केवल तीन लोगों का ही स्टेटमेंट निकल पाया, जिसमें एक खाते में 35 दूसरे में 32 और तीसरे खातेदार में 16 लाख रुपए आया और थोड़ा थोड़ा कर पैसा निकाल लिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि 19 लोगों के खाते में लगभग 6 करोड़ रुपए आए और उसे कथित बिचौलिया ने निकाल लिया।जबकि खाता खुलवाते समय वादा किया था कि एक खाते में एक लाख से कम पैसा आएगा। कथित बिचौलिया ने सिम और ए टी एम अपने पास रख लिया है जिससे हम लोगों को कोई जानकारी भी नहीं मिल पाई। ग्रामीणों ने लिखे पत्र में कहा है कि मामले की जांच हो कि इतना पैसा कहां से हम लोगों के खाते में आया और निकालने वाले बिचौलिया ने इस पैसे का क्या किया? ग्रामीणों ने प्रधान को बताया कि कथित बिचौलिया हम लोगों के आवाज उठाने पर धमकी भी दे रहा है कि उल्टा तुम लोग खुद फंसोगे मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा।ग्रामीणों ने बताया कि इतनी इतनी रकम का हिसाब सरकार पूछेगी और इनकमटैक्स वाले पूछ दिए तो हम लोगों के पास कोई जवाब नहीं है। हम भोले भाले ग्रामीणों के पास तो हजार पांच सौ नहीं है। प्रधान मंजू देवी ने बताया कि मेरी अनुपस्थिति में मेरे पति को ग्रामीणों ने पत्र सौंपा है।मामला गंभीर है इसकी उच्च स्तरीय जांच हो और सरकार पता लगाए कि इस तरह करोड़ों का पैसा कौन भेजा।इसका उपयोग कही राष्ट्रविरोधी कार्यों में तो नहीं लगाया जा रहा है। हमारे गांव के ग्रामीण सीधे साढ़े लोग है। उनको न फंसाया जाए।

कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने इस बाबत बताया कि यह फ्राड श्रेणी का अपराध हो सकता है। मुझे अभी शिकायत नहीं मिला है। शिकायत मिलेगा तो मामले की जांच कर उचित कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें