दौरे के अंतिम दिन सांसद ने जनसुनवाई, शोक संवेदना, किसान मेला और क्षेत्रीय विकास पर की चर्चा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दौरे के अंतिम दिन सांसद ने जनसुनवाई, शोक संवेदना, किसान मेला और क्षेत्रीय विकास पर की चर्चा

 

पवन श्रीवास्तव 

गौरीगंज, अमेठी। 

अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा ने अपने तीन दिवसीय दौरे के अंतिम दिन 5 जनवरी 2025 को क्षेत्रीय जनसमस्याओं के समाधान और सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लिया। उनके दिनभर के कार्यक्रम में जनसुनवाई, शोक संवेदना, किसान मेला, खेलकूद प्रतियोगिता और वरिष्ठजनों के साथ क्षेत्रीय विकास पर चर्चा शामिल रही।

दिन की शुरुआत सुबह 10:00 बजे से केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय, गौरीगंज में आयोजित जनसुनवाई से हुई। उन्होंने क्षेत्रीय नागरिकों की समस्याओं को सुना और उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। इस दौरान कई विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर समस्याओं का निराकरण किया। इसके बाद 11:15 बजे सांसद शर्मा जी कांग्रेस कार्यालय से निकलकर शोक संवेदना के लिए दिनेश मिश्रा के घर पहुंचे और उनकी बहू के आकस्मिक निधन पर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और उनके दुख में सहभागी बने। 11:30 बजे भोये बाजार में प्रधान श्रीराम बौरासी की अगुवाई में आयोजित भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में पहुंचे। यहां स्थानीय लोगों से संवाद किया और उनकी समस्याओं पर चर्चा की। 12:15 बजे सांसद किशोरी लाल शर्मा ने किसान मेला एवं विराट दंगल कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मां काली धाम, रानीपुर जामो में शिरकत की। कार्यक्रम के आयोजक लल्लन मिश्रा और कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने उनका स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया और आयोजकों को शानदार आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। दोपहर में निर्धारित कार्यक्रम के तहत बाबा की कुटी, मेहमानपुर सिंगपुर और शिव रिसॉर्ट, अहोरवा भवानी में वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। यहां उन्होंने क्षेत्रीय विकास और आमजन की समस्याओं के निराकरण पर चर्चा की। शाम को विधानसभा सलोन रायबरेली के रेवरी सैदपुर डीह में भ्रमण करते हुए जनता से संवाद किया और क्षेत्रीय विकास कार्यों का जायजा लिया। दिन का समापन रायबरेली के भुएमऊ स्थित अतिथि गृह में रात्रि विश्राम के साथ हुआ। इस दौरे को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता अनिल सिंह ने बताया कि सांसद किशोरी लाल शर्मा का यह दौरा जनता और क्षेत्र के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह दौरा गांधी परिवार की सेवा भावना और कांग्रेस पार्टी की नीतियों को जमीन पर उतारने का प्रयास है। सांसद किशोरी लाल शर्मा ने दौरे के दौरान क्षेत्रीय विकास, सामाजिक समस्याओं और जनहितकारी योजनाओं पर विशेष जोर दिया। उन्होंने क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और जनता को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

Vikas Varta
Author: Vikas Varta

Leave a Comment

और पढ़ें