अदालती मोहरों संग एसडीएम कोर्ट में पकड़ा गया फर्जी अधिवक्ता
रायबरेली।

जनपद मुख्यालय के कलेक्ट्रेट परिसर स्थित एसडीम कोर्ट में एक व्यक्ति कई अदालती मोहरों के साथ संदेहास्पद स्थिति में पकड़ा गया।
प्राप्त जानकारी अनुसार उप जिलाधिकारी न्यायिक की कोर्ट में एक व्यक्ति विगत लगभग 15 दिनों से वकील की पोशाक पहन कर न्यायिक कार्यों में लिप्त था। आज दोपहर जब लोगों को संदेह हुआ तो उससे पूंछताछ की गई। पूंछताछ के दौरान उक्त व्यक्ति द्वारा कोई सन्तोषजनक उत्तर न मिलने एवं कोई पहचान पत्र नही प्राप्त होने पर स्थानीय अधिवक्ताओं द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। पकड़े गए व्यक्ति के पास से कई अदालती मोहरें भी बरामद की गई हैं।
कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एड. सुशील कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति के पास से एक आईडी भी मिली है जिसके अनुसार वह लखनऊ के खुर्रमनगर निवासी मो० रज़्जाक अहमद पुत्र अफाक अहमद है। आई डी में उपजिलाधिकारी कार्यालय रायबरेली तथा पद कम्प्यूटर ऑपरेटर लिखा हुआ है। फिलहाल पकड़ा गया व्यक्ति पुलिस की हिरासत में है। क्षेत्राधिकारी नगर अमित सिंह ने कहा कि आरोपों की जांच कर विधिक कार्यवाही की जाएगी।










