गणतंत्र दिवस पर विद्यालय में रही संस्कृतिक कार्यक्रम की धूम
तिरंगे को दी गई सलामी
डलमऊ, रायबरेली।

नगर क्षेत्र डलमऊ स्थित बक्शी मेमोरियल पब्लिक स्कूल में गणतंत्र दिवस समारोह बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। विद्यालय परिवार, बच्चों और अभिभावकों की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी गई।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति की भावना से ओत प्रोत विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियां दीं जिनमें उनकी कला संस्कृति और देश के प्रति समर्पण की झलक दिखाई दी। प्रबंधक शांतनु सिंह ने अपने संबोधन में कहा आज हमारे पास प्रगति के अनेक अवसर हैं, आवश्यकता है केवल दृढ़ इच्छा शक्ति की और देश के प्रति समर्पण की। हमें “हम सुधरेंगे तो जग सुधरेगा” के मंत्र पर अमल करते हुए अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की आवश्यकता है। बच्चों को छोटी-छोटी अच्छी आदतें अपनानी चाहिए जैसे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखना। यह न केवल उनके व्यक्तिगत विकास में सहायक होगा बल्कि देश के विकास में भी उनका योगदान अहम बनेगा। विद्यालय की प्रधानाचार्य सपना तिवारी ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा भारत का भविष्य आप सबके हाथों में है, आजादी के महानायकों से प्रेरणा लेकर एक बेहतर और विकसित भारत बनाने की दिशा में कदम बढ़ाएं। हम अपने क्रांतिकारी और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान का ऋण केवल एक उन्नत और विकसित भारत बनाकर ही चुका सकते हैं। उन्होंने छात्रों व अभिभावकों से शिक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर बक्शी मेमोरियल पब्लिक स्कूल में आयोजित हुए कार्यक्रम समारोह छात्रों के मन में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना जागृत करने में पूरी तरह सफल रहा। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त अध्यापक व अध्यापिकाएं उपस्थित रहे।









