
जिला पंचायत के सीईओ ने निर्माणाधीन एवं विकास कार्यों का औचक निरीक्षण कर परखी गुणवत्ता
आरईएस के एसडीओ को शोकाज नोटिस जारी करने दिए निर्देश
विद्यालय में शिक्षक बनकर छात्र-छात्राओं को पढ़ाया अनुशासन का पाठ

हरि शंकर पाराशर
कटनी।

नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराये जाने हेतु स्वीकृत किए गए निर्माण और विकास कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में तकनीकी मानकों का पालन करते हुए कराया जाना सुनिश्चित करें। इस आशय के निर्देश शनिवार को जनपद पंचायत बड़वारा और विजयराघवगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में आधा दर्जन से अधिक गांव में निर्माणाधीन निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण करते हुए जिला पंचायत के सीईओ शिशिर गेमावत ने अधिकारियों को दिए। जिला पंचायत सीईओ ने धरातल पर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को परखने डीएमएफ मद से स्वीकृत ग्राम पंचायत निगहरा और बड़वारा में प्रगतिरत सीसी रोड का मुआयना किया। वहीं ग्राम पंचायत पिपरिया कला और बुजबुजा में निर्माणाधीन अतिरिक्त कक्ष एवं विद्यालय का अवलोकन किया तथा करौंदी खुर्द में स्टॉपडेम को करीब से देखा। इसी प्रकार विकासखंड विजयराघवगढ़ की ग्राम पंचायत चपना में सामुदायिक भवन और देवसरी इंदौर तथा पड़खुरी में बाउंड्रीवॉल निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए जिला पंचायत के सीईओ श्री गेमावत ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाई जाने पर सख्त कार्यवाही की हिदायत दी। उन्होंने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के एसडीओ आर.के.जैन को आवश्यक सुधार कराने के साथ ही शोकाज नोटिस दिए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने तकनीकी अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि गुणवत्ता पूर्ण कार्य ही स्वीकार होंगे।
इसी दौरान जिला पंचायत के सीईओ श्री गेमावत ने पिपरिया कला में विद्यालय पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया। शिक्षक बनकर विद्यार्थियों से एकाग्र होकर होमवर्क करने और नियमित पढ़ाई करने को कहा। मनोवांछित सफलता हेतु अनुशासित रहते हुए जीवन में हर कार्य को निश्चित समय पर करने की समझाइश दी। उन्होंने इस दौरान कुछ सवाल किए जिनका विद्यार्थियों ने सही जवाब दिया। इस पर उन्होंने छात्रों को शाबाशी दी। जिला पंचायत सीईओ ने शिक्षकों से भी अध्यापन कार्य को सुचारू रूप से कराए जाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यंत्री गौरीशंकर खटीक, जनपद पंचायत बड़वारा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के.के.पांडेय सहित उपयंत्री, ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक की उपस्थिति रही।
Author: Vikas Srivastava










