उप जिलाधिकारी द्वारा अमर्यादित व्यवहार से क्षुब्ध अधिवक्ताओं ने जमकर की नारेबाजी
रायबरेली।

जनपद कन्नौज की तहसील छिबरामऊ में उपजिलाधिकारी द्वारा अधिवक्तागणों के साथ किये गये अमर्यादित व्यवहार व उनकी कार्यशैली के क्षुब्ध होकर रायबरेली कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के तत्त्वाधान में अधिवक्ताओं ने छिबरामऊ तहसील प्रशासन के विरूद्ध जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया तथा उपजिलाधिकारी न्यायिक के निलम्बन की मांग की।
रायबरेली कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अधिवक्ता पदम प्रसाद श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद कन्नौज की छिबरामऊ तहसील में राजस्व न्यायालयों के बैठने के शिड्यूल को लेकर वहां के अधिवक्ता एवं तहसील प्रशासन के मध्य वार्तालाप के दौरान उपजिलाधिकारी न्यायिक अवनीश कुमार व उनके साथ उनकी कार में बैठे कुछ अराजक तत्व द्वारा अधिवक्तागणों को बुलाकर गाली-गलौज की गई और कहा कि हमारे बैठने का समय बार तय करेगी और धमकी देते हुए कहा कि ज्यादा नेतागीरी करोगे तो फर्जी मुकदमें में फंसा कर जेल भेज देगें। इसके बाद जब अधिवक्तागणों ने उनके खिलाफ एफ०आई०आर० दर्ज करने की मांग की तो उन्होंने अधिवक्तागणों के खिलाफ उल्टा थाने में एफ०आई०आर० दर्ज करा दी।
उक्त प्रकरण को लेकर अधिवक्तागणों ने न्यायिक कार्य से विरत रहकर कलेक्ट्रेट से तहसील सदर तक नारेबाजी करते हुए तथा उ०प्र० सरकार से वहां के अधिवक्ताओं के खिलाफ की गई प्राथमिकी को रद्द कर छिबरामऊ तहसील के उपजिलाधिकारी न्यायिक अवनीश कुमार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उनके निलंबन और प्रदेश में शीघ्र ही अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की।
उक्त प्रदर्शन में प्रमुख रूप से रायबरेली कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन अध्यक्ष सुशील कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पदम् प्रसाद श्रीवास्तव, शेखर शुक्ला, रमाकान्त चौधरी, शैलेन्द्र शुक्ला, विभव यादव, करूणा शंकर त्रिपाठी, सचिन बाजपेई, अश्वनी त्रिवेदी, रवि शर्मा, अकबर अली, सुनील श्रीवास्तव, राम अवध यादव, अमर दीप तथा पंकज समेत अनेक अधिवक्तागण उपस्थित रहे।










