अवर अभियंता के भ्रष्टाचार के विरुद्ध जिलाधिकारी से की गई शिकायत
रायबरेली।

यूं तो विद्युत विभाग के भ्रष्टाचार के मामले आए दिन सामने आते रहते हैं किन्तु विभाग में तैनात कुछ अधिकारियों के कारनामों की यदि चर्चा करें तो स्वयं भ्रष्टाचार रूपी दानव भी उनके समक्ष नतमस्तक होकर शर्म से अपना दम तोड़ देगा।
जनपद के हरचंदपुर विकास खण्ड अंतर्गत रहवां स्थित ३३/११ उपकेंद्र में तैनात अवर अभियंता अमृतलाल पाल के कारनामे कुछ ऐसी ही स्थिति को चरितार्थ करते हुए नज़र आते हैं। अवर अभियंता अमृतलाल के भ्रष्टाचार से तंग आकर स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी को एक शिकायती पत्र देकर उचित कार्यवाही की मांग की।
मुख्य शिकायतकर्ता अधिवक्ता गया प्रसाद शुक्ला ने बताया कि उक्त उपकेंद्र में तैनात अवर अभियंता अमृतलाल पाल पूर्णतया भ्रष्टाचार में लिप्त होकर नियम विरुद्ध तरीके से कार्य कर रहे हैं जिसको लेकर मार्च में विभाग के उच्च अधिकारी को शपथ पत्र के साथ १२ बिन्दुओं का शिकायती पत्र दिया गया था किन्तु अब तक कोई कार्यवाही नही की गई। उन्होंने बताया कि उक्त अवर अभियंता के मनमाने रवैये को देखते हुए पुनः जिलाधिकारी को शपथ पत्र के साथ एक शिकायती पत्र देकर उचित कार्यवाही करने की मांग की गई है। उक्त शिकायती पत्र में अवर अभियंता अमृतलाल पाल के भ्रष्टाचार संबंधित कारनामों को इंगित किया गया है।









