ट्रैक्टर की चपेट में आकर युवती की दर्दनाक मौत
शिवगढ़, रायबरेली।

जनपद के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के गुमावा चौकी अंतर्गत हीरा का मठ गांव में अनियंत्रित टैक्टर की चपेट में आकर एक युवती की दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हीरा का मठ मजरे अछई गांव निवासी संगीता यादव (20) पुत्री रामप्रकाश यादव अपने घर से अपनी 8 माह की भतीजी शानवी को लेकर गांव में ही स्थित दूसरे घर पर पशुओं को चारा देने जा रही थी तभी स्थानीय निवासी कैलाश यादव एक ट्रैक्टर ट्रॉली तेज रफ्तार से लेकर आ गया। अनियंत्रित टैक्टर की चपेट में आकर संगीता यादव दीवार में दब गई। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई। उसके हाथ में 8 माह की भतीजी दूर जाकर गिरी जिससे वह पूरी तरह सुरक्षित रही। घायल युवती के परिजनों ने तत्काल उसे निजी वाहन से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ पहुंचे, जहां मौजूद चिकित्सक डॉ सौरभ सिंह ने परीक्षण उपरांत मृत घोषित कर दिया।
खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और पीएम की लिए भेज दिया। मृतका के बड़े भाई गोबिंद का आरोप है कि लगभग 15 दिन पूर्व खेत की पैमाईश कराई थी जिसको लेकर कैलाश के परिजनों द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई थी। मृतका के परिजनों ने टैक्टर चालक पर जानबूझ कर मार डालने का आरोप लगाया है।
शिवगढ़ थाना प्रभारी विंध्य विनय ने बताया शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जाएगी।
निष्पक्ष पत्रकारिता हेतु अपना अमूल्य सहयोग प्रदान कर हमें मजबूती प्रदान करें।











