Search
Close this search box.

शराब ठेकेदार की दबंगई, ग्रामीणों को कार से कुचला, कई घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शराब ठेकेदार की दबंगई

ग्रामीणों को कार से कुचला, कई घायल

 

हरि शंकर पाराशर 

कटनी। 

जनपद के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम संसारपुर में मंगलवार रात शराब ठेकेदार की दबंगई ने ग्रामीणों को अस्पताल पहुंचा दिया। गांव में लंबे समय से चल रही अवैध शराब पैकारी का विरोध कर रहे ग्रामीणों पर ठेकेदार मंचू असाटी और उसके गुर्गों ने कथित तौर पर कार चढ़ाकर कई लोगों को घायल कर दिया। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई और भगदड़ मच गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि विवाद के दौरान ठेकेदार ने जानबूझकर कार से लोगों को कुचला, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिस वाहन का इस्तेमाल किया गया, उसमें देसी शराब की पेटियां लदी थीं, जो आसपास के गांवों में पैकारी के लिए ले जाई जा रही थीं। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री लंबे समय से जारी है, जिसके खिलाफ उन्होंने कई बार पुलिस और प्रशासन से शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई।

सूचना मिलते ही स्लीमनाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करने की बात कही है, लेकिन ग्रामीणों में पुलिस के रवैये को लेकर भारी रोष है। उनका कहना है कि ठेकेदार की दबंगई और अवैध पैकारी पुलिस की नाक के नीचे चल रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक ठेकेदार मंचू असाटी और उसके गुर्गों पर कड़ी कार्यवाही नहीं होती, वे आंदोलन तेज करेंगे। उनकी मांग है कि अवैध शराब पैकारी का जाल तोड़ा जाए, ताकि गांव की युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचाया जा सके।

Leave a Comment

और पढ़ें