Search
Close this search box.

छात्रों संग बीएसए ने चखा एमडीएम का स्वाद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

छात्रों संग बीएसए ने चखा एमडीएम का स्वाद

परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण कर जानी हकीकत

बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिली अनुदेशक

पवन श्रीवास्तव 

रायबरेली। 

जनपद में परिषदीय विद्यालयों की हकीकत जानने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह ने निरीक्षण किया। बछरावां ब्लॉक के विद्यालयों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने परिसर में बारिश की वजह से जमा गंदगी पर नाराजगी जताई। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ में मध्याह्न भोजन भी किया।

बुधवार को जनपद के परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण करने के लिए बीएसए राहुल सिंह बछरावां ब्लॉक के विद्यालयों का निरीक्षण करने के लिए पहुँचे। बछरावां विद्यालय के कम्पोजिट विद्यालय सरौरा विद्यालय का निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई के निर्देश दिए। कम्पोजिट विद्यालय नीमटीकर में निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में बच्चों के साथ एमडीएम भी किया। यहाँ पर मेन्यू के हिसाब से तहरी बनी हुई थी और बच्चों के साथ में उन्होंने गुणवत्ता को चेक करने के लिए तहरी खाई। भोजन की गुणवत्ता बेहतरीन पाए जाने पर रसोइया की प्रशंसा की।

इस दौरान उन्होंने बच्चों से अंग्रेजी में गिनती सुनी। बच्चों के गिनती सुना ले जाने पर प्रशंसा की। विद्यालय में नामांकित 329 छात्र-छात्राओं के सापेक्ष 166 बच्चे ही उपस्थित मिले। जिस पर नाराजगी जताते हुए बीएसए ने छात्र संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने निपुण लक्ष्य के हिसाब से बच्चों की पढ़ाई पर जोर दिया। बीएसए ने शिक्षकों से प्रतिदिन कार्य योजना बनाकर शिक्षण कार्य करने के लिए कहा। विद्यालय में अनुदेशक पूजा 18 सितंबर से अनवरत बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाई गईं। वहीं, प्रधानाध्यापक के सीसीएल पर होने के बाद भी कोई भी चार्ज हस्तांतरण नहीं किया गया था, इस पर बीएसए ने यह प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा। नीमटीकर में शिक्षकों ने बताया कि सफाई कर्मचारी नहीं आता है। इस पर उन्होंने अधिकारियों से बात करके विद्यालय में सफाई कराने की बात कहीं। इसके अलावा बीएसए ने कस्तूरबा विद्यालय हरचंदपुर का निरीक्षण करके वहां की व्यवस्था को देखा। यहां उन्होंने बच्चों के पढ़ाई कक्ष से लेकर हॉस्टल तक को देखा। इसके अलावा बच्चों के बन रहे भोजन को भी चेक किया। रसोईघर का निरीक्षण करने के दौरान उन्होंने वहां पर साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए।

बीएसए राहुल सिंह ने मीडिया को बताया कि शिक्षा गुणवत्ता और विद्यालयों का आवरण बेहतर बनाने के लिए खण्ड शिक्षाधिकारियों को अनवरत निरीक्षण करते रहने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि जहां पर भी कमियां हैं उनको दूर करने के लिए भी निर्देशित किया गया है ताकि व्यवस्था और पठन-पाठन का बेहतर माहौल बनाया जा सके।

Leave a Comment

और पढ़ें