
बदमाशों ने दी कानून को खुली चुनौती, चिट्ठी लिखकर दी चोरी व हत्या की धमकी
फिल्मी अंदाज़ में चोरी का समय भी बताया

रायबरेली।
जनपद के महराजगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोन गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई जब डाक विभाग में कार्यरत डाक कर्मी रामकुमार के घर के गेट पर एक खूनी धमकी भरी पर्ची मिली। हस्तलिखित इस पत्र में 10 घरों में चोरी करने और विरोध करने वालों में से 15 लोगों की हत्या करने की धमकी दी गई। डाक कर्मी की बहू ने दोपहर करीब ढाई बजे घर के बाहर फूल के पौधे पर टंगी पर्ची देखी, जिसमें लिखा था,“आज दस घरों में चोरी करेंगे जीतन रखा पाओ रखा लो 10 घर में चोरी करेंगे और 15 लोगों की मौत होगी। आज 9 बजके 30 मिनट पर से चोरी होना स्टार्ट हो जाएगी 3 बजे बंद होगी हम 10,000 लोग हैं।” यह पंक्तियां पढ़ते ही गांव में हड़कंप मच गया और लोग दहशत में अपने घरों के बाहर जमा हो गए। डाक कर्मी ने पुलिस को लिखित तहरीर दी देकर बताया कि एक संदिग्ध फेरी वाला कई दिनों से इलाके में चक्कर लगा रहा था।

उक्त प्रकरण में महराजगंज थाना प्रभारी निरीक्षक जगदीश यादव ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया किसी शरारती तत्व की करतूत लगती है। पर्ची जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने गांव में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों को सुरक्षा का भरोसा दिया है।
Author: Vikas Srivastava










