
स्वास्थ्य विभाग पर एक लाख की रिश्वत मांगने का आरोप
धमकी देकर शिकायत वापस लेने का बनाया दबाव

रायबरेली।
जनपद में स्वास्थ्य विभाग पर एक बार फिर भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगा है। विभाग से सेवानिवृत्त वाहन चालक अशोक कुमार ने आरोप लगाया है कि सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले देय भुगतान जारी करने के नाम पर उनसे एक लाख रुपये की धनराशि मांगी गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने जीपीएफ, ग्रेच्युटी, अवकाश नकदीकरण व अन्य देयों के लिए 26 अगस्त और 8 सितंबर 2025 को आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की थी। इसी के बाद कार्यालय के माल बाबू और दिलीप नामक कर्मचारी ने भुगतान जारी करने के बदले रिश्वत की मांग की और पैसा न देने पर फाइल रोकने की धमकी दी।
शिकायतकर्ता के अनुसार 29 सितंबर 2025 को प्रशासनिक अधिकारी एवं आहरण वितरण अधिकारी देशबंधु ने उन्हें कार्यालय बुलाकर पूर्व में की गई शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। आरोप है कि शिकायत न हटाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। पीड़ित ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच व दोषियों पर कार्यवाही की मांग की है।
Author: Vikas Srivastava










