विमानन क्षेत्र के लिए राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय अत्यंत महत्वपूर्ण एवं पथ-प्रदर्शक संस्थान :फ़ैज़ अहमद किदवई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विमानन क्षेत्र के लिए राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय अत्यंत महत्वपूर्ण एवं पथ-प्रदर्शक संस्थान :फ़ैज़ अहमद किदवई

 

फुरसतगंज, अमेठी।

राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय में नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के महानिदेशक फ़ैज़ अहमद किदवई का आगमन हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति आदरणीय प्रो. (डॉ.) भृगु नाथ सिंह ने अधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ उनका पुष्प प्रदान कर हार्दिक स्वागत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ परिसर में वृक्षारोपण के साथ हुआ, जिसमें किदवई ने स्वयं पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इसके उपरांत आयोजित विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में महानिदेशक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “देश के विमानन क्षेत्र के लिए राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय अत्यंत महत्वपूर्ण एवं पथ-प्रदर्शक संस्थान है।” उन्होंने कहा कि भारत को विमानन क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को शोध, नवाचार और तकनीकी उत्कृष्टता के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि “बदलते वैश्विक परिदृश्य में विमानन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण ही भारत की प्रगति का प्रमुख मार्ग है।” श्री किदवई ने विश्वविद्यालय की अकादमिक एवं अनुसंधान गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि RGNAU का योगदान देश के विमानन प्रशिक्षण और अनुसंधान को नई दिशा प्रदान कर रहा है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के पी.एच.डी. कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ भी किया गया। इस नई पहल के साथ विश्वविद्यालय ने उच्चस्तरीय अनुसंधान की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाया है। कुलपति प्रो. (डॉ.) भृगु नाथ सिंह ने विश्वविद्यालय की भावी योजनाओं, नवाचारों और दीर्घकालिक दृष्टि पर विस्तृत रूप से चर्चा की। उन्होंने कहा कि RGNAU देश के विमानन क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान और उद्योग सहयोग के माध्यम से नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।

महानिदेशक फ़ैज़ अहमद किदवई ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और विश्वविद्यालय की प्रगति की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि RGNAU शीघ्र ही विमानन शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में राष्ट्रीय नेतृत्व की भूमिका निभाएगा।

Vikas Varta
Author: Vikas Varta

Leave a Comment

और पढ़ें