
लाखों रुपए खर्च करने के बाद भी शोपीस बने नगर पंचायत स्थित आरओ प्लांट

पवन श्रीवास्तव
रायबरेली।
नगर पंचायत नसीराबाद में जगह-जगह नगरीय पेयजल योजना के तहत लाखों रुपए से लगे आरओ प्लांट मात्र शोपीस बनकर रह गए हैं। स्थानीय निवासियों से प्राप्त जानकारी अनुसार नसीराबाद रामलीला मैदान व चंद कदमों की दूरी पर नगर पंचायत कार्यालय को जाने वाले रास्ते पर लगे आरओ प्लांट महीनों से खराब पड़े हैं जबकि स्वच्छ पेयजल हमारे जीवन की मूल आवश्यकता है और इसी उद्देश्य से हमारे क्षेत्र में आरओ प्लांट स्थापित किया गया था। लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि यह प्लांट पिछले कई महीनों से खराब पड़ा हुआ है, जिसके कारण लोगों को स्वच्छ पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। जबकि इसी रास्ते से जनप्रतिनिधि व अधिकारी हमेशा आते जाते हैं किन्तु कदाचित किसी ने भी इस पर ध्यान देना उचित नही समझा क्योंकि उन्हें तो कार्यालय में बोतल बंद पानी मिल ही जाता है। आरओ प्लांट खराब होने से सबसे अधिक समस्या साप्ताहिक बाजार वाले दिन होती है।
इस संबंध में जब संवाददाता द्वारा ईओ राजभान शुक्ला से बात करने का प्रयास किया गया तो साहब ने फोन उठाना उचित नहीं समझा। क्षेत्र की जनता का कहना है कि हैंडपंप तो लगे हैं परंतु उसका पानी पीने योग्य नहीं है ऐसे में लोगों को पानी खरीद कर पीना पड़ता है, यह केवल एक मशीन की समस्या नहीं है, बल्कि जनता के स्वास्थ्य और सुविधा से जुड़ी हुई समस्या है। यदि इस प्लांट की मरम्मत समय पर नहीं की गई, तो पानी से फैलने वाली बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। देखना अब यह होगा कि समाचारों के बाद नगर पंचायत के अधिकारियों की नजर इस शोपीस में लगे हुए आरओ प्लांट पर पड़ती है या पुनः पत्रकारों पर शिकंजा कसा जाएगा।
Author: Vikas Srivastava










