Search
Close this search box.

अब ऑनलाइन आधार प्रमाणीकरण के साथ होगा भूमि पंजीकरण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अब ऑनलाइन आधार प्रमाणीकरण के साथ होगा भूमि पंजीकरण 

सोमवार 2 फरवरी से पूरी तरह लागू होगी व्यवस्था

 

संवाददाता 

रायबरेली।

भूमि पंजीकरण प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने हेतु उत्तर प्रदेश में अब भूमि का पंजीकरण आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से किया जाएगा। उप निबंधक (सदर) ब्रजेश पाठक ने इस नई व्यवस्था को लेकर जानकारी साझा करते हुए बताया कि आधार आधारित पंजीकरण प्रक्रिया के अंतर्गत प्रयोग के तौर पर अब तक उनके कार्यालय में सात छद्म पंजीकरण सफलतापूर्वक किए गए, जिसमें कोई समस्या नही आई। 02 फरवरी 2026 सोमवार से इसे पूरी तरह लागू कर दिया जाएगा।

उप निबंधक ब्रजेश पाठक ने कहा कि आधार से पंजीकरण होने से जमीन क्रय विक्रय की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और फर्जीवाड़े से मुक्त होगी। इससे अभिलेखों की सत्यता सुनिश्चित होगी और बेनामी लेन-देन पर भी प्रभावी रोक लगेगी।

उन्होंने बताया कि आधार प्रमाणीकरण के जरिए क्रेता और विक्रेता दोनों की पहचान पुख्ता होगी, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार के विवाद की संभावना कम हो जाएगी। शासन का उद्देश्य है कि डिजिटल माध्यमों का अधिकतम उपयोग कर पंजीकरण प्रक्रिया को सरल और भरोसेमंद बनाया जाए। उप निबंधक कार्यालय में इस नई व्यवस्था को लेकर कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि सोमवार से आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो। आम लोगों ने भी इस पहल को सकारात्मक बताते हुए कहा कि इससे जमीन पंजीकरण की प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें