Search
Close this search box.

15 को निकलेगी भोले बाबा की भव्य शोभा यात्रा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

15 को निकलेगी भोले बाबा की भव्य शोभा यात्रा

 

संवाददाता

रायबरेली।

जनपद के सुप्रसिद्ध बाबा जगमोहनेश्वर धाम चन्दापुर मन्दिर रायबरेली में महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियाँ जोरों पर चल रहीं हैं। जिसको लेकर एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम व्यवस्था प्रभारी धर्मेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि 15 फरवरी महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रातः 11 बजे से 108 यजमानों के द्वारा सामूहिक रूप से बैठकर रूद्राभिषेक सम्पन्न कराया जायेगा, जिसमें सम्पूर्ण पूजन सामग्री की व्यवस्था मन्दिर परिसर से व्यवस्थित की जायेगी, जो भी भक्तगण इस रूद्राभिषेक में सम्मिलित होना चाहते हो, कृपया मन्दिर स्थित कार्यालय से सम्पर्क कर अपना नाम अंकित करवा दें। यह रूद्राभिषेक आचार्य पं० नवीन झा (वाराणसी) एवं आचार्य प० गोविन्द शास्त्री (रायबरेली) के द्वारा सम्पन्न कराया जायेगा।

शिव बारात प्रभारी ऋषभ वर्मा ने बताया कि बाबा की बारात 15 फरवरी 2026 को सांय 3 बजे राजकीय इण्टर कालेज के द्वितीय मैदान से निकलेगी तदोपरांत हाथी पार्क, यूनियन बैंक चौराहा, मलिकमऊ रोड, रामकृपाल चौराहा, बुक मार्केट, कैपरगंज, खोया मण्डी, बस स्टाप, कोतवाली रोड, घण्टाघर, सुपर मार्केट होते हुए रात्रि 10 बजे बाबा के दरबार में पुनः वापस आयेगी। शिव बारात में मुख्य रूप से शुभम नासिक ढोल, बालाजी वैण्ड गुड़गाव, वारसी बैण्ड रहेंगे तथा माता शबरी द्वारा प्रभु श्रीराम को जूठे बेर खिलाना, अंगद रावण संवाद झांकी, माता काली राक्षस संवाद, बाबा भोलेनाथ एवं माता पार्वती विवाह, श्रीकृष्ण रासलीला, बाबा भोलेनाथ का रौद्र रूप, अयोध्या से चलकर आ रहे श्रीराम झांकी, सिंदूरी हनुमान जी एवं अघोरियों की बारात इत्यादि झाकियां रहेंगी, जो पूरे शहर में जगह-जगह अपना प्रदर्शन करेंगी।

कार्यालय व्यवस्था प्रभारी धर्मेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि इस वर्ष पूरे मन्दिर परिसर में भव्य रूप से फूलों से बाबा के दरबार को सजाया जायेगा तथा पूरे मन्दिर परिसर में बैरिकेटिंग करके भक्तों को एक व्यवस्था के क्रम में सुविधाजनक तरीके से जलाभिषेक करने का अवसर प्राप्त कराया जायेगा। रात्रि में दो कन्याओं का विवाह भी बाबा के दरबार में सम्पन्न होगा, जिसमें सम्पूर्ण दैनिक उपयोग की सामग्री मन्दिर परिसर से उन्हें उपलब्ध करायी जायेगी। अगले दिन दिनांक 16 फरवरी 2026 को एक विशाल नगर भोज एवं भण्डारे का आयोजन किया गया है, जो दोपहर 12 बजे कन्याभोज एवं साधु संत महात्माओं द्वारा भण्डारे का शुभारम्भ किया जायेगा, जो भक्तों के आने तक अनवरत रूप से प्रभु इच्छा तक चलता रहेगा। समिति के सदस्य आशीष सविता ने बताया कि 14 फरवरी 2026 दिन शनिवार को इस बार बाबा के दरबार में द्वितीय बार सांय 4 बजे से हल्दी एवं मेंहदी का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया है, जिसमें सभी नगरवासियों से उपस्थित होने का अनुरोध किया गया है। उक्त पत्रकार वार्ता में राजीव दीक्षित, प्रवीण मिश्रा, विजय गुप्ता, रामराज गिरि, पंकज अग्रवाल, ऋषि अग्रवाल, मण्टू शुक्ला, अभिलाष कौशल, डा० विजय मिश्रा, सतीश श्रीवास्तव, सुनील सिंह, पंकज मिश्रा, ललित श्रीवास्तव, उमाकांत अवस्थी आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

इच्छित फल प्रदान करने वाला है यह मन्दिर :हर्षेन्द्र सिंह

जगमोहनेश्वर महादेव मन्दिर न्यास के मंत्री हर्षेन्द्र सिंह (छोटे राजा) ने बताया कि श्री जगमोहनेश्वर महादेव मन्दिर की स्थापना 18वीं सदी के अन्तिम दशक में चन्दापुर के तत्कालीन नरेश राजा जगमोहन सिंह द्वारा काशी के विद्वान ब्राह्मणों के समूह काशी विद्वत परिषद के पौरोहित्य में की गई थी। इस शिवलिंग को प्राप्त करने के लिए राजा जगमोहन सिंह ने अमरकटक में नर्मदा नदी के उद्गम पर लगभग 6 महीने का प्रवास किया, इसी प्रवास के अन्त में शंकर जी से स्वप्न में प्राप्त निर्देश के आधार पर इस शिवलिंग का चयन स्थापना हेतु, इसी शिवलिंग के साथ ही प्राप्त एक अन्य शिवलिंग को एक पीतल के मन्दिर में प्रतिष्ठित करके, उसकी स्थापना काशी विश्वनाथ मन्दिर में की गई थी। श्री जगमोहनेश्वर महादेव मन्दिर राजा जगमोहन जी द्वारा स्थापित कराए गए, शिवलिंग मन्दिरों में 108 वीं स्थापना थी इस मन्दिर की प्रतिष्ठा तंत्रोक्त पद्धति से कराई गई, जिसके कारण यह मन्दिर इच्छित फल प्रदान करने वाला है तथा वर्ष 1991 से चन्दापुर भवन परिसर में नगर भोज एवं महाशिवरात्रि महोत्सव का आयोजन स्व. राजा जितेन्द्र सिंह द्वारा प्रारम्भ कराया गया।

Leave a Comment

और पढ़ें