संदिग्ध परिस्थितियों में चारपाई पर मिला अधेड़ का शव
सलोन, रायबरेली।

कोतवाली क्षेत्र के काली तिवारी का पुरवा मजरे उमरी गांव निवासी नरसिंह यादव पुत्र लखन यादव का संदिग्ध हालातों में घर की टूटी हुई चारपाई पर शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक के गले में रस्सी के काले और गहरे निशान पाए गए। शव को देखने से ऐसा लग रहा था की गला घोट कर हत्या की गई है। जिस समय अधेड़ का शव पाया गया उस समय घर में सिर्फ अधेड़ की पत्नी और बच्चे मौजूद थे। परिजनों ने गला घोट कर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। ग्रामीणों की सूचना पर घटना स्थल पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पीएम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजनों का आरोप है की कोतवाली पुलिस ने उन्हें शव को देखने नही दिया और आनन फानन में शव को पीएम के लिए भेज दिया। शव देखते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई।देखते ही देखते सैकडो की भीड़ घटना स्थल पर एकत्रित हो गई। मृतक ने दो शादियां की थी। पहली पत्नी पुष्पा और दूसरी पत्नी का नाम विमला है। पहली पत्नी से दो बच्चे कोमल (14) वर्ष व प्रिंस (12) वर्ष है। वहीं दूसरी पत्नी से दो बच्चे शिवा (07) वर्ष व काजल (05) वर्ष है। मृतक अपनी दूसरी पत्नी विमला के साथ रहता था। पहली पत्नी पुष्पा ने बताया कि उसके पति और दूसरी पत्नी विमला में आए दिन लड़ाई झगड़ा और मारपीट होती रहती थी। बीती देर रात भी किसी बात को लेकर दोनो पति पत्नी में झगड़ा हुआ था और देर रात घर पर ईंट पत्थर भी चले थे। करीब 10 बजे देर रात मृतक अपनी पहली पत्नी पुष्पा के घर गया था और उसे बताया था कि रात में उसके घर पर किसी ने पथराव किया था। उसके बाद वह वापस अपने दूसरी पत्नी के घर सोने के लिए चला गया। सुबह उसका शव टूटी हुई चारपाई पर पाया गया। मृतक की पहली पत्नी पुष्पा का आरोप है कि पुलिस ने उसे अपने पति के शव को देखने नही दिया और जबरदस्ती बिना उसकी मर्जी के शव को पीएम के लिए भेज दिया। परिजनों ने मृतक के शव को दिखाने की मांग की तो दरोगा देवेश चौधरी और कामता प्रसाद ने उन्हें धमकाया और कहा क्या पुलिस तुम लोगो के लिए यहां खड़ी रहेगी और जबरन शव को पीएम के लिए भेजने लगे। परिजन शव को ले जाने से रोकने लगे और डेड बॉडी को दिखाने की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। उसके बाद पुलिस कर्मियों ने परिजनों का वीडियो बना कर कार्यवाही करने की धमकी देते हुए शव को लेकर चले गए। जिससे परिजनों में रोष है। पुलिस उपाधीक्षक प्रदीप कुमार का कहना है की संदिग्ध परिस्थितियों में शव पाया गया है।पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है, मौत की वजह पीएम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगी।










