जनपद के चार शिक्षकों को नोएडा में किया गया सम्मानित

रायबरेली।

शिक्षा के क्षेत्र में विभिन्न शैक्षिक प्रक्रियाओं को विद्यालय स्तर पर स्थापित करने वाले उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के 13 डायट प्रवक्ताओं और 302 शिक्षकों को नोएडा के जिंजर होटल में सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह में डायट रायबरेली के प्रवक्ता अभिवेक श्रीवास्तव के साथ एडुलीडर्स टीम रायबरेली के एडमिन विनीत श्रीवास्तव, डीह विकास क्षेत्र के सराय मानिक प्राथमिक विद्यालय के रवि प्रताप सिंह और बछरावां विकास क्षेत्र की शिक्षिका रिचा गोस्वामी को शिक्षा जगत में इनके सतत योगदान के लिए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पदम श्री प्रख्यात अभिनेता मनोज जोशी, पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी और राज्यमंत्री पी.डब्लू.डी., उत्तर प्रदेश कुंवर बृजेश सिंह के द्वारा राज्य स्तरीय एडुलीडर्स कर्मयोगी अवार्ड से सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम को हेमा फाउंडेशन और आर.आर. ग्लोबल तथा एडुलीडर्स यूपी के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया। प्रतिवर्ष राज्य स्तर पर उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जनपदों से शिक्षा के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को राज्य स्तरीय कमेटी द्वारा चयनित करके उन्हें सम्मानित किया जाता है। एडुलीडर के संस्थापक डॉक्टर सर्वेश मिश्रा ने बताया कि इस समूह का उद्देश्य प्रदेश भर से नवाचारी शिक्षकों को सम्मान के लिए एक मंच प्रदान करना है।
कार्यक्रम में सम्मानित होने पर अभिवेक श्रीवास्तव प्रवक्ता डायट ने बेसिक शिक्षकों के लिए इस तरह के आयोजन को शिक्षा हित में नितांत आवश्यक बताते हुए कहा की जनपद रायबरेली के शिक्षकों को ऐसे ही प्रेरित होकर अपने-अपने विद्यालयों में बच्चों के मध्य नवीन अवधारणाओं को विकसित करके उन्हें निपुण बनाने में योगदान देना चाहिए। जिला संयोजक विनीत श्रीवास्तव ने इस सम्मान को शिक्षकों के अंदर ऊर्जा प्रेरित करने का एक मजबूत माध्यम बताया। शिक्षक रवि प्रताप सिंह द्वारा आयोजित कार्यक्रम में अपनी कथक शैली की मनमोहक प्रस्तुति देकर समस्त शिक्षकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शिक्षिका ऋचा गोस्वामी ने अपने सम्मान का श्रेय विद्यालय के बच्चों को दिया। जनपद रायबरेली के प्रवक्ता और शिक्षकों के सम्मान पर डायट प्राचार्य जय प्रताप सिंह, बीएसए शिवेंद्र प्रताप सिंह, प्रवक्ता हरिओम यादव गाजीपुर, योगिराज मिश्र राज्य शिक्षा संस्थान प्रयागराज, विनय मिश्र फतेहपुर, डॉ. शशिदर्शन त्रिपाठी बस्ती, डॉ. ललित यादव बुलंदशहर, डॉ. अमरेंद्र मिश्र प्रतापगढ़, डॉ. राम शरण सेठ, राजेश खन्ना और भूपेंद्र मिश्रा गौतमबुद्धनगर के साथ शिक्षकों – प्रशिक्षुओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी।









