आतिशी मार्लेना बनेंगी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री
नई दिल्ली।

केजरीवाल सरकार में शिक्षा मंत्री आतिशी मार्लेना दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी। सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित के बाद आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला सीएम बनेंगी। अरविंद केजरीवाल ने आज आम आदमी पार्टी की विधायक दल की बैठक में उनके नाम का प्रस्ताव रखा जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। आज शाम 4ः30 बजे केजरीवाल उपराज्यपाल विनय सक्सेना को इस्तीफा सौंपेंगे। इसी हफ्ते नई मुख्यमंत्री और कैबिनेट का शपथ ग्रहण भी होगा। 26 और 27 सितंबर को 2 दिन का विधानसभा सत्र बुलाया गया है। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद केजरीवाल ने 15 सितंबर को मुख्यमंत्री पद छोड़ने का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि, अब जनता तय करे कि मैं ईमानदार हूं या बेईमान। जनता ने दाग धोया और विधानसभा चुनाव जीता तो फिर से कुर्सी पर बैठूंगा।
कौन हैं आतिशी मार्लेना
दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी मार्लेना आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं। आतिशी ने सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की। बाद में उन्होंने आम आदमी पार्टी से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। आतिशी फिलहाल दिल्ली के कालका जी विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वह दिल्ली सरकार के शिक्षा विभाग के साथ-साथ पीडब्ल्यूडी, संस्कृति और पर्यटन मंत्री के रूप में काम कर रही हैं। आतिशी को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का खास माना जाता है। अब वो केजरीवाल की जगह दिल्ली की नई सीएम बनने वाली हैं।









