
गंगा नदी में मिला युवती का शव

सरेनी, रायबरेली।
मंगलवार को गेगासो गंगा नदी में बोरे में युवती का शव मिला। यह शव फतेहपुर जिले के पैना कला गांव की रहने वाली किशोरी का था। पीछा छुड़ाने के लिए प्रेमी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर किशोरी की हत्या कर दी और शव को बोरे में भरकर पत्थर डालकर गंगा में फेंक कर वापस हो गए थे। पिता की तहरीर पर गाज़ीपुर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज किया और युवती की तलाश तेज की। बीती 2 अक्टूबर को पुलिस ने गंगा में भी शव की तलाश कराई लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। बीते मंगलवार की शाम को गेगासो घाट के नाविकों ने गंगा नदी में एक बोरा देखा तो नाविक नाव से बोरे तक पहुंचे और बोरा खोला गया तो उसमें एक युवती का शव दिखाई पड़ा नाविकों ने घटना की जानकारी कोतवाल शिव शंकर सिंह को दी तो उन्होंने गाज़ीपुर पुलिस को घटना से अवगत कराया। इस पर पुलिस गेगासो पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। सूत्रों ने बताया कि पैना कला गांव थाना गाजीपुर के रहने वाली 20 वर्षीय युवती का गाजीपुर के रहने वाले दिलीप पासवान से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती शादी का दबाव बना रही थी लेकिन दिलीप मना कर रहा था। उसने युवती को रास्ते से हटाने के लिए योजना बनाई और 24 सितंबर की शाम को फोन कर युवती को अपने घर बुलाया। इसके बाद दिलीप ने अपने दो साथियों राज और मोनू को भी बुला लिया जहां युवती के साथ दुष्कर्म के बाद तीनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी और शव को रात में गेगासो पुल की कोठी नंबर 10 से गंगा में फेंक कर वापस हो गए। तब गंगा का जलस्तर काफी अधिक था लेकिन जैसे ही जलस्तर घटा तो बोरा दिखाई पड़ने लगा। बोरे में पत्थर भरे होने के कारण बह नहीं सका। कोतवाल शिव शंकर सिंह ने बताया कि शव को गाज़ीपुर पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है। गाजीपुर पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
भावेश श्रीवास्तव की रिपोर्ट
Author: Vikas Srivastava










