
गांव में खुलेआम बाजार में बेची जा रही पन्नियों में कच्ची शराब, जिम्मेदार मौन


रायबरेली।
आबकारी विभाग व पुलिस की मनमानी के चलते जनपद में खुले आम बाजार में अवैध रूप से पन्नियों में कच्ची शराब बेची जा रही है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ज्ञात हो कि रायबरेली जनपद के गुरबक्शगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोरिहर गांव में लगने वाली बाजार में अन्य दुकानदारों की तरह दुकान लगाकर अवैध रूप से कच्ची शराब बेची जा रही है। किसी ने शराब बिक्री किए जाने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया तो पुलिस जांच पड़ताल में जुड़ गई। सूत्रों की मानें तो उक्त स्थान पर कई वर्षों से अवैध शराब की बिक्री की जा रही है जबकि जहरीली शराब पीने से जनपद में कई बार बड़ी-बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं जिसमें लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी लेकिन उसके बाद भी आबकारी विभाग और पुलिस इन घटनाओं से सीख नहीं ले पा रही है और नई घटना की इंतजार कर रही है। खुलेआम बाजार में शराब का बेचे जाने का वीडियो वायरल होते ही आबकारी विभाग व पुलिस पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। फिलहाल इस पूरे मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक रायबरेली संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
आज सुबह आबकारी विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा दबिश देकर स्थानीय निवासी धुनारी (50) पत्नी रमेश नामक एक महिला को 30 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है।
– रविन्द्र प्रताप सिंह,
जिला आबकारी अधिकारी
रायबरेली।
Author: Vikas Srivastava










