
राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में सोनभद्र के अवधेश ने जीता स्वर्ण पदक

सोनभद्र।
समाज कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से लखनऊ के के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई। 1 दिसंबर से 3 दिसंबर तक हुई राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में सोनभद्र जनपद के घोरावल तहसील क्षेत्र के जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय घोरावल के छात्रों ने प्रतिभाग किया, जिसमें इस विद्यालय के हाईस्कूल के छात्र अवधेश कुमार पुत्र सुनील कुमार ग्राम कोरट ने स्वर्ण पदक जीतकर जनपद का मान बढ़ाया। बता दें कि कोरट घोरावल क्षेत्र का दुरूह गांव है जहां के रहने वाले इस प्रतिभावान छात्र ने अपनी प्रतिभा एवं कठिन परिश्रम और विद्यालय के कुशल मार्गदर्शन से लक्ष्य हासिल किया और स्वर्ण पदक प्राप्त किया। छात्र ने भाला फेंक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक प्राप्त करके विद्यालय के साथ साथ सोनभद्र जनपद का नाम रोशन किया। जिसके उपलक्ष में लखनऊ से लौटने पर बुधवार को छात्र के स्वागत हेतु जिला समाज कल्याण अधिकारी सोनभद्र रमाशंकर यादव की अध्यक्षता में स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश चन्द्र के साथ विद्यालय के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे। विद्यालय के अध्यापक निलेश कुमार पांडेय ने छात्र को उपहार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मंच का संचालन परितोष मिश्र ने किया। प्रवक्ता अखिलेश यादव, रमेश गिरी, श्याम नारायण, विभा पटेल, अंजू यादव, रंजना मौर्य, चंद्रमोहन, संजय कुमार, सुभाष चंद्र, अर्चना पटेल, रामआशीष यादव, सोनू निगम, कमलेश सिंह यादव, कृष्ण कुमार, खेल शिक्षक राधे मोहन तथा अनूप रंजन पटेल आदि शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी सम्मिलित रहे।
बी एन यादव की रिपोर्ट
Author: Vikas Srivastava










