ट्रांसपोर्ट नगर में आयोजित हुई महत्वपूर्ण बैठक
महापौर और कलेक्टर के समक्ष हुई सभी विषयों में विस्तार से चर्चा

हरि शंकर पाराशर
कटनी।
ट्रांसपोर्ट नगर पुरैनी में ट्रान्सपोर्टर्स की समस्याओं के निराकरण के संबंध में बुधवार को कटनी बाम्बे रोड कैरियर भवन में महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के प्रारंभ में ट्रांसपोर्ट नगर नोडल एवं राजस्व अधिकारी द्वारा सभी का स्वागत करते हुए योजना संबंधी प्रारंभिक जानकारी प्रदान की गई, तदोपरांत एसोसिएशन के अध्यक्ष बी एम तिवारी द्वारा शासन प्रशासन से संघ की अपेक्षाएं बताते हुए समस्या के निराकरण हेतु अनुरोध किया, जिस पर निगमायुक्त नीलेश दुबे द्वारा निकाय की कार्ययोजना तथा वर्तमान में शिविर में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्रदान करते हुए सभी से लाभ लेने का अनुरोध करते हुए सभी आवंटियों को तत्काल आवेदन करने हेतु कहा। इसी क्रम में शिविर का लाभ नहीं लेने वाले सदस्यों तथा जिन आवंटियों द्वारा शासन एवं नगर निगम को सहयोग प्रदान नहीं किया जा रहा है उनकी तरफ से अध्यक्ष बी एम तिवारी ने खेद व्यक्त किया तथा सभी से शासन को सहयोग देने अपील की। इसके अलावा एसोसिएशन अध्यक्ष द्वारा शेष 115 ऐसे ट्रांसपोर्टर्स जिनको अभी तक ट्रांसपोर्ट नगर में प्लॉट आबंटित नहीं किए गए हैं उनको आबंटन करने हेतु कलेक्टर से निवेदन कर यथासंभव वर्तमान में भी नवीन सर्वे कर अन्य लोगों को लाभ दिलाने की मांग कलेक्टर महोदय के समक्ष रखी।
बैठक के अगले क्रम में महापौर प्रीति संजीव सूरी ने सभी का स्वागत करते हुए नगर निगम द्वारा आयोजित किए जा रहे समस्या निवारण शिविर का लाभ लेकर ट्रांसपोर्ट नगर को बसाने और शहर को व्यवस्थित करने की अपील की तथा यह भी अवगत कराया कि सभी की समस्याएं उनके द्वारा पूर्व में शासन, नगरीय प्रशासन मंत्री तथा अन्य स्तर पर रखे जाने संबंधी अवगत कराया गया और लगातार उनके द्वारा जो शासन स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए सभी आवंटियों से नक्शा पास कराकर निर्माण कार्य शुरू करने की पुनः अपील की गई।
जिला कलेक्टर दिलीप कुमार यादव द्वारा सभी ट्रांसपोर्टर्स को यदि किसी भी प्रकार की समस्या हो तो अवगत कराने को कहा जिस पर ट्रांसपोर्टर्स द्वारा नक्शा पास कराए जाने हेतु आने वाली विभिन्न प्रकार की समस्याओं से अवगत कराते हुए प्रक्रिया को सरल बनाने का अनुरोध किया गया। इसके साथ ही विद्युत संबंधित केबल आदि को ठीक कराने का भी अनुरोध किया। कलेक्टर द्वारा वर्तमान में ट्रांसपोर्ट नगर में सभी ट्रांसपोर्टर्स द्वारा प्रदाय किए जा रहे सहयोग पर सभी को बधाई देते हुए उपस्थित कार्यपालन अभियंता एम.पी.ई.बी को सभी विद्युतीकरण कार्य को दुरुस्त करने तथा इलेक्ट्रिकल सेफ्टी और निगमायुक्त को फायर सेफ्टी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को राजस्व सीमांकन आदि अन्य सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ऐसे सभी आवंटी ट्रांसपोर्टर्स जिन्होंने अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया उनसे तत्काल कार्य प्रारंभ करने का अनुरोध किया तथा यह भी अवगत कराया कि आगामी समय में शहर में भारी वाहनों का प्रवेश निषेध किया जाकर नो एंट्री क्षेत्र घोषित कराया जाएगा, जिसके निर्देश जिला परिवहन अधिकारी को दिए। साथ ही शेष ट्रांसपोर्टर्स का निर्णय राज्य शासन से संबंधित होने के संबंध में भी अवगत कराते हुए जिन आवंटियों द्वारा अभी तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है उनको पुनः नोटिस जारी कर पट्टा निरस्त करने संबंधी कार्यवाही करने के निर्देश निगमायुक्त को दिए।
इस दौरान आयुक्त नीलेश दुबे, एसडीएम प्रदीप मिश्रा, एमआईसी सदस्य सुभाष साहू, डॉ रमेश सोनी, स्थानीय पार्षद वंदना राजकिशोर यादव, शकुन्तला सोनी, जिला परिवहन अधिकारी विमलेश गुप्ता, शहर अभियंता विद्युत कंपनी मुकेश महोबिया, उपायुक्त पवन कुमार अहिरवार, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी, सदस्यों सहित सहित अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।









