Search
Close this search box.

उपनिदेशक गोपेश पाण्डेय के स्थानांतरण पर दी गई भावभीनी विदाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उपनिदेशक गोपेश पाण्डेय के स्थानांतरण पर दी गई भावभीनी विदाई

 

पवन श्रीवास्तव

रायबरेली।

नेहरू युवा केंद्र संगठन, रायबरेली के उपनिदेशक गोपेश पाण्डेय के अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर स्थानांतरण पर भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से आए युवा प्रतिनिधियों, केंद्र के स्वयंसेवकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अधिकारियों ने भाग लिया तथा अपने उद्गगार व्यक्त करते हुए गोपेश पाण्डेय को उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

गोपेश पाण्डेय के कार्यकाल को युवाओं के सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता अभियानों और नेतृत्व विकास के क्षेत्र में एक स्वर्णिम युग के रूप में याद किया गया। उनके मार्गदर्शन में जिले में युवा महोत्सव, स्वच्छता अभियान, फिट इंडिया मूवमेंट, नशा मुक्ति अभियान तथा सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन हुआ, जिनमें युवाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी रही।

नव आगंतुक प्रभारी उपनिदेशक समर बहादुर सिंह ने कहा “रायबरेली जैसे ऐतिहासिक और सामाजिक रूप से जागरूक जनपद में कार्यभार संभालना मेरे लिए एक सौभाग्य की बात है। मैं गोपेश पाण्डेय द्वारा स्थापित मूल्यों और कार्य पद्धति को आगे बढ़ाने का हर संभव प्रयास करूंगा। युवा विकास की इस यात्रा को और सशक्त बनाया जाएगा।”

जिला गंगा समिति के जिला परियोजना अधिकारी संजय कुमार ने कहा,”गोपेश पांडेय की कार्यशैली अनुकरणीय रही है। उन्होंने जिस समर्पण भाव, ऊर्जा और दूर दृष्टि से युवाओं को जोड़ने का कार्य किया, वह सराहनीय रहा है। युवाओं में जागरूकता, अनुशासन और नेतृत्व को विकसित करने में उनका योगदान अमूल्य रहा।”

कार्यक्रम सहायक विनय मिश्र ने कहा “इनके साथ कार्य करना न केवल एक दायित्व था, बल्कि एक सतत सीखने की प्रक्रिया भी रही। उन्होंने कठिन से कठिन कार्यों को सहजता से पूरा करने की कला सिखाई और हर सहयोग को समान सम्मान और महत्व दिया।” समारोह में में उपस्थित भाषा सलाहकार डॉ. संतलाल, विजय शंकर और शिवम् यादव सहित अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि श्री पाण्डेय ने प्रशासनिक दक्षता के साथ मानवीय संवेदनाओं को महत्व दिया और युवाओं को समाज निर्माण में भागीदार बनाया। समारोह के अंत में अभिषेक, सुधीर, शैलेन्द्र, आदित्य प्रताप सिंह, विकास, राम प्रकाश, अमृता, कोमल, आशीष, अरविन्द, अनूप, हैदर अली, ओमकार, संतोष, विनोद, सुरेश, आलोक, आकाश ने श्री पाण्डेय को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

श्री पाण्डेय ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “यह विदाई नहीं, बल्कि नई जिम्मेदारी की शुरुआत है। रायबरेली में बिताया समय मेरे हृदय में सदा जीवित रहेगा। यहाँ की ऊर्जा, अपनापन और युवा शक्ति मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहेगी। आप सभी युवाओं की सक्रिय सहभागिता और भावनात्मक जुड़ाव ने इस समारोह को अविस्मरणीय बना दिया।”

Leave a Comment

और पढ़ें