आरजीआईपीटी में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आरजीआईपीटी में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव 

 

पवन श्रीवास्तव

जायस, अमेठी।

राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम टेक्नोलॉजी (आरजीआईपीटी), अमेठी में 15 और 16 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर “श्यामोत्सव-2025” का आयोजन बड़ी धूमधाम से किया गया। यह कार्यक्रम संस्थान के निदेशक आचार्य हरीश हिरानी व अधिष्ठाता- छात्र मामलें डॉ. देबाशीष पांडा और सांस्कृतिक परिषद के संकाय सदस्यों के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छात्रों, कर्मचारियों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उत्सव की शुरुआत 15 अगस्त को हुई मटकी डेकोरेशन प्रतियोगिता से हुई, जिसमें छात्रों ने अपनी रचनात्मकता और सांस्कृतिक भावना का शानदार प्रदर्शन किया। इसमें से चुनी गई टीमों ने 16 अगस्त को आयोजित मटकीफोड़ (दही हांडी) प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।

मटकीफोड़ प्रतियोगिता ट्रैक एंड फील्ड ग्राउंड में आयोजित की गई, जहाँ प्रतिभागियों ने सुरक्षा का ध्यान रखते हुए पिरामिड बनाकर ऊँचाई पर लटकी मटकी तक पहुँचने का साहसिक प्रयास किया। मटकी में छिपा सिक्का खोजने और फिर उसे फोड़ने की चुनौती ने इस खेल को और भी रोमांचक बना दिया। दर्शकों ने तालियों और जयकारों के साथ प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। शाम को टेनिस कोर्ट के पास भक्ति संगीत से सजी म्यूजिक जैमिंग नाइट का आयोजन हुआ, जिसमें भजन और कीर्तन की मधुर धुनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। ठीक मध्यरात्रि में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की पूजा, आरती और प्रसाद वितरण के साथ दो दिवसीय उत्सव का भव्य समापन हुआ।

सांस्कृतिक परिषद ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य छात्रों में टीमवर्क, सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान, और सामूहिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। श्यामोत्सव-2025 ने पूरे संस्थान को भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक ऊर्जा से भर दिया तथा छात्रों को अपनी परंपराओं से जुड़ने का सुंदर अवसर प्रदान किया।

निष्पक्ष पत्रकारिता हेतु QR Code को स्कैन कर अपना अमूल्य सहयोग प्रदान कर हमें मजबूती प्रदान करें।

Vikas Varta
Author: Vikas Varta

Leave a Comment

और पढ़ें