
आरजीआईपीटी में 23 को होगा 9वें दीक्षांत समारोह का आयोजन

जायस, अमेठी।
राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम टेक्नोलॉजी अपने 9वें दीक्षांत समारोह का आयोजन 23 नवंबर 2025 को आरजीआईपीटी जायस परिसर में करेगा। इस आयोजन के मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के विज्ञान और औद्योगिक अनुसंधान विभाग के पूर्व सचिव डॉ. शेखर सी. मांडे समारोह एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में बायोफ्यूल्स लिमिटेड की निदेशक सपना श्रीकांत समारोह की शोभा बढ़ाएँगी।
इस अवसर पर वर्तमान सत्र के 164 बी.टेक, 97 डिप्लोमा, 8 एम. टेक, 33 एमबीए और 19 पी.एच.डी. स्कॉलर्स समेत कुल 321 छात्रों को दीक्षांत समारोह में उपाधियाँ प्रदान की जाएँगी। इसके अतिरिक्त असम और बेंगलुरु परिसरों के छात्रों को भी डिग्रियाँ प्रदान की जाएँगी। समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को उनके उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए पदक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
आरजीआईपीटी जायस के अमेठी निदेशक आचार्य हरीश हिरानी ने बताया कि हमारे प्रतिभाशाली छात्रों में जायस परिसर के आदर्श आनंद और शिवसागर परिसर की जिम्पी दत्ता को राष्ट्रपति स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा। वहीं आदित्य राज कश्यप (जायस परिसर) और गार्गी मेधी (शिवसागर परिसर) को निदेशक स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, 12 छात्रों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए संस्थान पदक प्रदान किए जाएँगे।
Author: Vikas Srivastava










