
नलकूप पर सोए युवक की निर्मम हत्या, क्षेत्र में फैली सनसनी

रायबरेली।
जनपद के चंदापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओया गांव में मंगलवार सुबह एक युवक की ट्यूबवेल पर सोते हुए पीट-पीटकर निर्मम हत्या की घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। सुबह धान पीटने गए मजदूरों ने खेत में युवक का शव पड़ा देखा तो चीख-पुकार मच गई। मजदूरों ने तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक विनीत के सिर व शरीर पर गंभीर चोट और आसपास खून के धब्बे मिले, जो हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। मजदूरों ने बताया कि वे सुबह करीब 6 बजे धान की फसल पीटने के लिए खेत पहुंचे थे, तभी ट्यूबवेल के पास खून से सना शव नजर आया। युवक के हाथ-पैर बंधे हुए थे और चेहरे पर लाठी-डंडों के निशान साफ दिख रहे थे। यह देखकर मजदूर डर गए और शोर मचाने लगे।
सूचना मिलते ही चंदापुर थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। चंदापुर थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्रथम जांच में हत्या की पुष्टि हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ शुरू कर दी। संदेह है कि पुरानी रंजिश या चोरी के शक में यह वारदात की गई।
इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने कहा कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्यवाही की जाएगी।
Author: Vikas Srivastava










