
जनपद में उजागर हुआ 9 करोड़ का फर्जी ऋण घोटाला
आवेदकों पर फर्जी प्रपत्र लगाकर ऋण लेने का आरोप
संवाददाता
रायबरेली।
जनपद रायबरेली नगर क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की मुख्य शाखा से जाली अभिलेखों के सहारे करीब 9 करोड़ रुपये का ऋण लेने का बड़ा मामला प्रकाश में आया है जिसमें 48 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस प्रकरण के सामने आने से जनपद की बैंकिंग व्यवस्था पर कई सवाल उठ रहे हैं।

बैंक ऑफ बड़ौदा के मुख्य प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने कुल 48 आवेदकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। तहरीर में सभी पर फर्जी प्रपत्र लगाकर ऋण लेने का आरोप लगाया गया है। उक्त सभी 48 आरोपियों में जनपद के सदर, सलोन, डलमऊ, बछरावां, मिल एरिया, गदागंज, हरचंदपुर, ऊंचाहार सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण में बैंककर्मियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में लेते हुए इस पूरे घोटाले की गहन जांच कर रही है। साथ ही इतनी बड़ी राशि का लोन पास होने से बैंक की कार्यप्रणाली पर अनेक गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं लोगों का मानना है कि जाँच के बाद आगे और बड़े खुलासों की संभावना हो सकती है। इस प्रकरण को लेकर पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।
Author: Vikas Srivastava










