आख़िर किसके संरक्षण में तालाब पाट कर हो रहा निर्माण
उच्चस्तरीय संरक्षण या साठगांठ, खबरों के बाद भी अंजान बने जिम्मेदार
संवाददाता

रायबरेली।
जनपद में आए दिन से तालाब व रास्ते पर कब्ज़ा कर अवैध निर्माण को लेकर मामले प्रकाश में आते रहते हैं किन्तु इसे उच्चस्तरीय दबाव कहें या भ्रष्टाचार जिसके चलते सर्वोच्च न्यायालय के आदेश को दरकिनार कर तालाब एवं अन्य शासकीय भूमि पर कब्ज़ा कर अवैध निर्माण पूरे हो जाते हैं और अनेक सूचनाओं के बाद भी प्रशासन मौन होकर अनजान बन जाता है।

सदर तहसील रायबरेली के नगर क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नं 25 नया पुरवा निराला नगर, निकट रामराज भवन, पानी टंकी के पीछे विगत कई दिनों से खुलेआम तालाब पाट कर निर्माण कार्य किया जा रहा है जिसकी सूचना बार बार संबंधित अधिकारियों दी जाती रही साथ ही मामला समाचारों की सुर्खियों में भी रहा किन्तु अब तक तहसील प्रशासन द्वारा इस प्रकरण पर कोई कार्यवाही नही की गई, जिससे किसी उच्चस्तरीय संरक्षण अथवा प्रशासनिक साठगांठ के स्पष्ट संकेत दिखाई देते हैं, क्योंकि यदि कोई आम आदमी होता तो अबतक निर्माण रोक कर कार्यवाही हो गई होती।
इस प्रकरण को लेकर पूर्व में भी सदर तहसीलदार से जब मामले की जानकारी की गई थी तो उन्होंने कहा था कि आप डिटेल भेज दीजिए मैं दिखवाती हूँ, परन्तु जानकारी देने एवं मामला सुर्खियों में आने के बाद भी अब तक कोई कार्यवाही नही की गई बल्कि उक्त निर्माण और तेज़ी से जारी रहा और न ही इस सम्बन्ध में कोई जानकारी साझा की गई कि यदि यह निर्माण उचित है तो क्यों! इसी प्रकरण को लेकर पुनः तहसीलदार सदर से संपर्क किया गया किन्तु उनका फोन नही लगा जिससे वार्ता नही हो सकी। फिलहाल प्रशासन की इस कार्यशैली से ऐसा प्रतीत होता है कि कदाचित सारे नियम कानून आम जनमानस के लिए हैं, यदि कोई रसूखदार हो तो संवैधानिक व्यवस्था भी कोई मायने नही रखती।









