
एचएसएमवी फाउंडेशन ने किया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर व महिला स्वास्थ्य एवं जागरूकता अभियान का आयोजन

संवाददाता
रायबरेली।
समाजसेवी संस्था एचएसएमवी फाउंडेशन एवं सुविधा हॉस्पिटल एंड लेप्रोस्कोपिक सेंटर के संयुक्त तत्वाधान में निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर व महिला स्वास्थ्य एवं जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना एवं ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को जागरूक करना, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को कम करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना रहा।
शिविर में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया और अनुभवी चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया। इस दौरान मरीजों के लिए ब्लड प्रेशर (BP), शुगर एवं अन्य आवश्यक जांचें निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को उचित दवाइयाँ एवं स्वास्थ्य संबंधी सलाह भी दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित विशेषज्ञों ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार लेने तथा नियमित जांच कराने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया तथा उन्हें सेनेटरी नैपकिन वितरित किए गए। विशेषज्ञों द्वारा महिलाओं को स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं और स्वच्छता के महत्व को समझाया गया।

इस आयोजन को स्थानीय लोगों द्वारा सराहा गया और भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन की अपेक्षा जताई गई। “सेवा ही उद्देश्य” के भाव के साथ यह पहल समाज के लिए एक प्रेरणादायक कदम साबित हुई। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।
Author: Vikas Srivastava










