
यात्रियों की समस्याओं का निराकरण न होने पर रेलवे सदस्य ने पुनः भेजा अनुस्मारक
दो बार मांग पत्र भेजे जाने के बाद भी अधूरी रहीं सुविधाएं

संवाददाता
रायबरेली।
जनपद से प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में रेलयात्रा करने वाले यात्रियों की असुविधाओं को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे ZRUCC सदस्य उत्तर रेलवे गया प्रसाद शुक्ला एडवोकेट द्वारा हरचन्दपुर रेलवे स्टेशन पर पी०आर०एस० रिजर्वेशन काउण्टर, प्रयागराज से लखनऊ EMU/DMU व लखनऊ से प्रतापगढ़ एक ई०एम०यू० ट्रेन प्रतिदिन चलवाने, रायबरेली स्टेशन में वाशिंग लाइन का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने, कोरोना काल से बंद सांकेत लिंक एक्सप्रेस को शीघ्र चलवाने, रायबरेली से जम्मूतवी माँ वैष्णो देवी के लिए एक ट्रेन संचालित कराने, रायबरेली में 10 वर्षों से बने हुए निष्प्रयोज्य पड़े एम०सी०एफ० काम्प्लेक्स खुलवाने, स्टेशन पर लोको पायलट एवं ट्रेन मैनेजर ठहरने के लिए रनिंग रूम बनवाने, नई सीवर लाइन डलवाने समेत गाड़ी संख्या 13257/13258 आनन्द बिहार जन साधारण एक्सप्रेस का रायबरेली में तथा हरचन्दपुर व बछरावां स्टेशन पर कई गाड़ियों के ठहराव संबंधित बीते दिसम्बर व मार्च माह में 11 सूत्रीय मांग पत्र रेलमंत्री को भेजा गया था, जिसमें ZRUCC सदस्य द्वारा रेलमंत्री से सभी समस्याओं के निवारण की मांग की गई थी।

श्री शुक्ला ने बताया कि रायबरेली में यात्रियों को हो रही असुविधाओं को देखते हुए रेलमंत्री से उक्त समस्याओं के निराकरण हेतु मांग की गई थी किन्तु अब तक कोई उत्तर न प्राप्त होने पर पुनः एक अनुस्मारक रेलवे महाप्रबंधक भेजा गया है ताकि जल्द से जल्द उक्त समस्याओं का निराकरण हो जाए और आम जनमानस को इसकी सुविधा प्राप्त हो सके। इसके साथ ही लगभग 01 वर्ष पूर्व विभाग द्वारा हरचन्दपुर व रायबरेली रेलवे स्टेशन पर जनता की सुविधा हेतु लगाई गई मेरे नाम, पद व मोबाइल नं० की नेम प्लेट हटा दी गई है, जिसकी जाँच कराकर दोषी को दण्डित करते हुए पुनः नेम प्लेट लगवाने की मांग भी की गई है।
Author: Vikas Srivastava









